17/12/2015
2031 में कुछ होगा लखनऊ, मास्टर प्लान तैयार
ब्यूरो रविवार, 22 नवंबर 2015
अमर उजाला,लखनऊ Updated @ 3:18 PM IST
मास्टर प्लान 2031 का ड्राफ्ट तैयार
राजधानी के मास्टर प्लान-2031 का ड्राफ्ट तैयार किया जा चुका है। इसमें 2031 तक राजधानी की आबादी करीब 65 से 70 लाख मान कर प्लानिंग की गई है। खास बात है कि 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में भी अपार्टमेंट बनाने के लिए हरी झंडी दी जा सकेगी। अभी दो हजार वर्गमीटर में ही अपार्टमेंट बनाए जा सकते हैं। हालांकि इसके लिए 9 मीटर से ज्यादा चौड़ी सड़क होने की शर्त रखी गई है।
जैसे-जैसे क्षेत्रफल बढ़ता जाएगा, सड़क की चौड़ाई को भी बढ़ाया जाएगा। इससे शहर में आवासीय सुविधाओं को आसानी से मुहैया करवाया जा सकेगा। मगर इस ड्राफ्ट को मंजूरी देने से पहले प्राधिकरण शहर में कई वर्गों के लोगों से सीधी बातचीत कर� मास्टर प्लान को लेकर उनकी राय लेगा। इस राय के आधार पर ही महायोजना को मंजूरी दी जाएगी। मास्टर प्लान में क्या खास है, क्या व्यवस्थाएं हैं, पेश है रिपोर्ट....
मास्टर प्लान-2031 के साथ अगले महीने तक आउटर रिंग रोड को एलडीए बोर्ड में प्रस्तावित करने की तैयारी है। प्रस्तावित आउटर रिंग रोड रूट में कानपुर रोड, बाराबंकी फैजाबाद रोड, काकोरी हरदोई रोड और सुल्तानपुर रोड पर विशेष जोर दिया गया है। बीकेटी से कुर्सी रोड, बेहटा होते हुए कानपुर रोड स्थित बनी और वहां से मोहान और काकोरी होते हुए बीकेटी तक पहुंचने के लिए आउटर रिंग रोड बनाने की तैयारी है।
लखनऊ महायोजना 2031 के तहत एलडीए के विकास क्षेत्र का हिस्सा बनाए गए 9 ब्लॉकों को कवर करते हुए बनने वाली इस रिंग रोड के निर्माण में करीब 5000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया, एलडीए और पीडब्लूडी मिलकर काम करेंगे। करीब पांच हजार करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट का खर्च प्रदेश सरकार और केंद्र मिलकर उठाएंगे।